इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग के दौरान लगातार दोनों ओर से एक दूसरे के ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है. जहां अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान को निशाना बना रहे हैं. वहीं ईरान, इजरायल के साथ ही मिडिल ईस्ट के देशों में बने अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है.
हालांकि अब ईरान ने बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के होटल मालिकों को लेकर अल्टीमेटम जारी किया है. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उनके होटलों में अमेरिका के सैन्यकर्मियों को ठहराया जाता है तो ऐसे प्रतिष्ठान वैध सैन्य लक्ष्य माने जा सकते हैं. यह जानकारी ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने दी है.
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘फार्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी हमलों और सहयोगी उग्रवादी समूहों के साथ संयुक्त अभियानों के बाद अमेरिकी सेना ने क्षेत्रीय होटलों में शरण ली है. इन हमलों में पूरे मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था.